ओमनारायण लखनपुर— अंग्रेजी एवं हिंदी उत्कृष्ट विद्यालय स्वामी आत्मानंद निम्हा में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास, गरिमा एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। विद्यालय परिसर को राष्ट्रीय ध्वज, रंग-बिरंगी सजावट एवं देशभक्ति नारों से सुसज्जित किया गया था, जिससे पूरा वातावरण उत्साह और राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत नजर आया। प्रतिभागी विद्यार्थियों को कॉपी पेन देकर प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष परमेश्वर प्रजापति द्वारा ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी देने के साथ हुई। ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान गाया गया, जिसमें उपस्थित सभी अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने सहभागिता की।इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि लालजीत पैकरा, सरपंच संघ जिला अध्यक्ष एवं सरपंच जयसिंह कुरूम, एसएमडीसी सदस्य मुकेश ठाकुर, हुकुमचंद्र सिंह, ज्योति तिवारी, सेवानिवृत्त शिक्षक अगस्त राम पैकरा, शिक्षक पंकज तिवारी, विद्यालय के प्राचार्य अरुण कुमार राय सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।ध्वजारोहण उपरांत शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष परमेश्वर प्रजापति एवं अन्य अतिथियों द्वारा मां सरस्वती एवं भारत माता के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

इस दौरान शिक्षक रुद्रनारायण पाठक ने मंत्रोच्चारण के साथ विधिवत पूजन संपन्न कराया।कार्यक्रम के प्रारंभिक चरण में विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। इसके पश्चात नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्ण देशभक्ति नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। विद्यार्थियों द्वारा हिंदी, नागपुरी, छत्तीसगढ़ी एवं देशभक्ति गीतों पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई, जिसे उपस्थित दर्शकों ने खूब सराहा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिथियों ने विद्यार्थियों को गणतंत्र दिवस के महत्व से अवगत कराया तथा संविधान के मूल्यों को आत्मसात करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य विद्यार्थियों के हाथ में है और उन्हें शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों को भी अपनाना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य अरुण कुमार राय ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन देशभक्ति के नारों एवं उत्साहपूर्ण वातावरण के साथ हुआ।






