अंबिकापुर – यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स (UFBU) के आह्वान पर अखिल भारतीय बैंक हड़ताल आज दिनांक 27 जनवरी 2026 को अम्बिकापुर में पूरी तरह सफल रही। यह हड़ताल बैंकिंग उद्योग में 5-दिवसीय कार्य सप्ताह को तत्काल लागू न किए जाने के खिलाफ बैंक कर्मचारियों एवं अधिकारियों के बढ़ते आक्रोश का परिणाम है।आज प्रातः 10:00 बजे सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, क्षेत्रीय कार्यालय, अंबिकापुर एवं उसके पश्चात स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, कलेक्टोरेट शाखा, अंबिकापुर में विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया, जिसमें सभी बैंकों के कर्मचारियों और अधिकारियों ने एकजुट होकर पूर्ण भागीदारी की और सरकार की नीतिगत उदासीनता के खिलाफ जोरदार विरोध दर्ज कराया।प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि बैंक कर्मचारी वर्षों से अत्यधिक कार्यभार, लगातार बढ़ते दबाव और अव्यवस्थित कार्य समय का सामना कर रहे हैं, जबकि सरकार और इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) केवल आश्वासन देकर समय टालने का काम कर रहे हैं। यह रवैया बैंक कर्मचारियों के साथ घोर अन्याय है।UFBU ने दो टूक शब्दों में स्पष्ट किया कि 5-दिवसीय बैंकिंग कोई विशेष सुविधा नहीं, बल्कि बैंक कर्मचारियों का अधिकार है। यदि सरकार और IBA ने शीघ्र निर्णय नहीं लिया, तो बैंककर्मी और अधिक निर्णायक एवं उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित प्राधिकरणों की होगी।यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स ने चेतावनी दी कि यह हड़ताल सिर्फ एक शुरुआत है, और जब तक 5-दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था बिना किसी शर्त और विलंब के लागू नहीं होती, तब तक संघर्ष और तेज किया जाएगा।
जारीकर्ता:यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स (UFBU)अंबिकापुर





